छह लोगों पर हमले के बाद ग्रामीणों ने तेंदुआ मार डाला, भीड़ ने पुलिस हिरासत से तीन लोगों को भगाया

अमरोहा:खेतों पर काम कर रहे कुतुबपुर हमीदपुर के लोगों पर मादा तेंदुए ने हमला कर दिया। इसमें तेंदुए ने एक के बाद एक छह लोगों को घायल कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। लाठी-डंडों से लैस ग्रामीणों ने तेंदुए को घेर लिया और उसे पीट-पीटकर मार डाला।

मौके पर पहुंची वन विभाग और पुलिस टीम ने जांच पड़ताल की। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। तेंदुए की हत्या का जिम्मेदार मानते हुए पुलिस और वन विभाग की टीम तीन लोगों को पकड़कर थाने ले आई। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर थाने पहुंचे ग्रामीणों ने तीनों लोगों को छुड़ाकर भगा दिया।

ग्रामीणों ने थाने में जमकर हंगामा किया। मामले में वन विभाग की ओर से नामजद और अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। वहीं, डीएफओ कार्यालय पर तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया गया। जिसमें चोट लगने से तेंदुए की मौत की पुष्टि हुई है।

शनिवार की सुबह करीब 11 बजे गांव के रहने वाले किसान डालचंद सिंह अपने बेटे कौकिल के साथ खेत पर काम कर रहे थे। सभी पड़ोस के खेत से निकले तेंदुए ने पिता-पुत्र पर हमला कर घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास के खेतों पर काम कर रहे लोगों की भीड़ मौके की तरफ दौड़ पड़ी। जानकारी मिलते ही कुतुबपुर हमीदपुर और आसपास के गांवों के लोग भी लाठी डंडे से लैस होकर मौके पर पहुंच गए। भीड़ ने तेंदुए को घेर लिया और घंटों तक इधर-उधर दौड़ते रहे।

इस दौरान तेंदुए ने हेतराम, कृपाल सिंह, अरविंद, धर्म सिंह और हेमराज पर हमला कर जख्मी कर दिया। जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा ओर भड़क गया। लाठी-डंडों से लैस ग्रामीणों ने तेंदुए को पीट-पीटकर मार डाला। सूचना मिलते ही नौगांवा सादात पुलिस और वन विभाग के डिप्टी रेंजर राजीव वर्मा, वन दरोगा केपी सिंह और वनरक्षक लोकेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। उनके पहुंचने से पहले ही तेंदुए की मौत हो चुकी थी।

Related Articles

Back to top button