श्री रामायण को राष्ट्रीय ग्रंथ बनाने की मांग के साथ भव्य शोभायात्रा का आयोजन

विजयदशमी पर शोभायात्रा की शुरुआत करते हुए आरएसएस के प्रांत प्रचारक कौशल जी ने प्रतीक परिवर्तन स्थल गोमतीनगर पर व्यक्त किए।

लखनऊ। अखण्ड भारत एवं रामायण को राष्ट्रीय ग्रंथ बनाने को लेकर सौ करोड़ लोग कृतसंकल्प है। इससे ही अखंड राष्ट्र की संकल्पना साकार होगी। यह उद्गार विजयदशमी पर शोभायात्रा की शुरुआत करते हुए आरएसएस के प्रांत प्रचारक कौशल जी ने प्रतीक परिवर्तन स्थल गोमतीनगर पर व्यक्त किए।

विदित हो कि स्वामी विवेकानंद साप्ताहिक मिलन एवं राष्ट्रीय उत्सव व पर्व समिति के तत्वावधान में 24 अक्टूबर को विजयदशमी के अवसर पर सुबह नौ बजे 68 किलोमीटर की भव्य शोभा यात्रा आयोजित की गई। जिसमें सैकड़ों दो पहिया वाहन तथा हजारों की संख्या में चार पहिया वाहन शामिल हुए।

प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी लोग हिंदू वेशभूषा में बड़े उल्लास के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। इस यात्रा में आरएसएस के विभाग प्रचारक अनिल जी , वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र भदौरिया , राष्ट्रीय पर्व उत्सव समिति के अध्यक्ष ललित श्रीवास्तव सहित अनेक लोग शामिल हुए। भव्य शोभायात्रा से पूरा शहर राममय दिखा।

विदित हो कि 23 अक्टूबर की शाम को एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हनुमान चालीसा के पाठ का आयोजन 1090 चौराहे के पास प्रतीक स्थल पर किया गया था।

श्री ललित श्रीवास्तव ने बताया कि सनातन एवं अपनी परंपराओं की रक्षा के लिए गत पांच वर्षो से यह कार्यक्रम एवं शोभा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। स्वयंसेवक आपसी सहयोग से इस बड़े आयोजन को राष्ट्र के प्रति लोगो में जागरूकता एवं प्रेम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि समाज को जागृत कर अपनी आदर्श परंपराओं को जीवित रखने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जाता है। राष्ट्रीय पर्व एवं उत्सव समिति के मीडिया प्रभारी शिवांक रमन भदौरिया ने भी पूरे कार्यक्रम को बहुत सूझबूझ से आयोजित किया और कार्यक्रम की जानकारी भी दी। पूरी यात्रा में लखनऊ शहर के लोगों ने जगह- जगह पुष्प वर्षा की और यात्रा में शामिल लोगों का भव्य स्वागत किया।

गौरतलब है कि अयोध्या के साथ राम के छोटे भाई लक्ष्मण जी की नगरी लखनऊ ( लखनपुर ) में भी दशहरा के अवसर पर दिव्य पर्व के रूप में यह शोभा यात्रा और विजयदशमी का पर्व मनाया जाता है। इस यात्रा में स्वामी विवेकानंद साप्ताहिक मिलन पश्चिम भाग के सुधीर गुप्ता , अंजनी, सचिन एवं अनुज सहित अनेक लोग शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button